झांसी : लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर की चचेरे भाई की हत्या

-पुरानी रंजिश के चलते मोरंग रखने के विवाद में मारी गोली

झांसी (हि.स.)। थाना शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से अपने चचेरे भाई को गोली मार दी। इससे वह लहूलुहान हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के पीछे मोरंग रखने को लेकर विवाद बताया जा रहा है। घटना से वहां हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरु कर दी है।
बाहर ओरछा गेट निवासी वसीम कुरैशी नाम का युवक रहता था। बताया जा रहा है कि उसकी अपने चचेरे भाईयों से रंजिश चलती है। घर के बाहर बालू रखने को लेकर रविवार की दोपहर बाद उनका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जाहिद ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर उसे गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ वसीम को मेडिकल कालेज भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की बजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। 
इस संबंध में एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि बालू रखने को लेकर हुए विवाद के चलते हत्या की घटना कारित किया जाना बताया गया है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

error: Content is protected !!