चेतन चौहान के निधन पर पीएम, गृहमंत्री ने जताया शोक

बोले- लोगों की सेवा और पार्टी को मजबूत करने में उनका अहम योगदान  

नई दिल्ली। एक जमाने में भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रहे उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान का आज कोरोना संक्रमण से निधन होने पर प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इसके अलावा अन्य राजनीतिक हस्तियों ने चेतन चौहान के निधन को भारतीय राजनीति और क्रिकेट के लिए गहरी क्षति बताया है।
प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शोक सन्देश में कहा, ‘चेतन चौहान जी ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने यूपी में सार्वजनिक सेवा और भाजपा को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। उनके निधन से दुखी। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति:।’
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान जी ने अपने जीवन में पहले एक खिलाड़ी के रूप में और बाद में एक जनसेवक के रूप में देश की सेवा की। उनका निधन भारतीय राजनीति और क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘उ.प्र. सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान जी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुःख पहुँचा है।अपनी राजनीतिक पारी के दौरान उन्होंने हमेशा ज़मीन और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया। वे एक नेकदिल और भले व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मंत्री यूपी में चेतन चौहान के निधन से मैं स्तब्ध और दुखी हूं। मैंने कई मौकों पर उनके साथ यादगार पल बिताए थे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले। 
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘चेतन चौहान जी के निधन से दुखी। उन्होंने शानदार क्रिकेट खेला और विश्व कप टी-20 की मेजबानी के लिए दिल्ली को तैयार करने में योगदान दिया। अपनी दूसरी पारी में उन्होंने सार्वजनिक सेवा में बहुमूल्य योगदान दिया। उनके परिवार के प्रति ईमानदार संवेदना।’ 
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘यूपी के मंत्री और भारत के पूर्व क्रिकेट नायक चेतन चौहान जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुःख हुआ। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। शांति!’  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय चेतन चौहान ने भारतीय क्रिकेट में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे राजनीति के माध्यम से जनसेवा के लिए समर्पित थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति और शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करे।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्य मन्त्री मायावती ने कहा, ‘यूपी सरकार में वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान के कोरोना से आज निधन होने की खबर अति-दुःखद। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।’
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री चेतन चौहान जी का निधन मेरे लिए ये व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। ॐ शांति शांति शांति !!!’

error: Content is protected !!