गोरखपुर : होटल व्यवसायी ने लगाई फांसी, एक महिला पर करोड़ों हड़पने का आरोप
गोरखपुर (हि.स.)। गोरखपुर के एक होटल व्यवसायी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। मृत व्यवसायी के पास मिले सुसाइट नोट में किसी महिला द्वारा करोड़ों हड़पने का आरोप लगाया है। इधर सूत्र बता रहे हैं कि पुलिस ने महिला को चिह्नित कर लिया है।
गोरखपुर के होटल व्यवसायी संजय मल्ल ने खुदकुशी कर ली है। उनका शव जेमिनी अपार्टमेंट के उनके फ्लैट में फंदे से लटकता मिला। वह यहां पिछले एक साल से किराए पर रहते थे। रेलवे स्टेशन रोड पर किराए पर एक होटल का संचालन करते थे। पुलिस को संजय के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। उन्होंने एक महिला पर करोड़ों रुपए हड़पने का आरोप लगाया है। संजय की खुदकुशी को लेकर उनका परिवार सकते में आ गया है।
मूल रूप से मऊ के मधुबन के रहने वाले संजय का गोरखपुर के रामजानकी नगर में अपना मकान है। इसके बावजूद उन्होंने शहर में किराए का फ्लैट क्यों ले रखा था। कोई कुछ भी बता पाने में अपनी असमर्थता जता रहा है। उनके परिवार को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में संजय ने इन सारी बातों का खुलासा किया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महिला की पहचान कर ली गई है। संजय अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी और पत्नी को छोड़ गए हैं। खुसुर-फुसुर के मुताबिक संजय दिखावे के लिए राम-जानकी नगर में अपने निजी आवास पर परिवार के साथ भी रहते थे, लेकिन दो दिन से वह वहां नहीं गए। परिवार उनकी तलाश में जुटा था। इसी दौरान उन्हें जेमिनी अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट के बारे में पता चला। परिवार वहां पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद था। काफी खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तब परिवार ने सोसाइटी के लोगों और पुलिस को सूचना देकर बुलाया। सीसी कैमरे की फुटेज देखी गई तो पता चला कि फ्लैट में गए तो थे, लेकिन काफी समय से बाहर नहीं निकले थे। इसके बाद पुलिस ने बढ़ई बुलाकर दरवाजे का लॉक तुड़वाया। अंदर संजय का शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।