गोण्डा में मिले 53 नए मरीज, किन्तु नहीं बढ़ी कुल मरीजों की संख्या

जानकी शरण द्विवेदीगोण्डा। जिले में शनिवार को 53 नए कोरोना मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1156 हो जानी चाहिए। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को शाम पांच तक की जांच रिपोर्टों के आधार पर जारी बुलेटिन के अनुसार, जिले में कुल मरीजों की संख्या 1103 ही दर्शाई गई है। बुलेटिन में शुक्रवार को भी कुल मरीजों की संख्या 1103 ही दर्शाई गई थी, जब 120 मरीज मिले थे। शनिवार को 34 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के साथ ही अब तक 444 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 14 मरीजों की अब तक मौत भी हो चुकी है। इस प्रकार से वर्तमान में जिले में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या 698 होनी चाहिए, जबकि प्रशासन द्वारा कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 645 बताई जा रही है। जिले से अब तक 28433 व्यक्तियों का नमूना परीक्षण के लिए लिया जा चुका है, जिसमें से 27960 रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। इसमें से 26857 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव है। शनिवार को मिले 53 मरीजों में 26 अकेले नगर क्षेत्र गोण्डा से हैं। शहर के 26 मरीजों में वी मार्ट से नौ, आवास विकास से चार, छेदीपुरवा से तीन, पटेल नगर व जानकी नगर से दो-दो, मेवातियान से एक, विकास भवन, जिला महिला अस्पताल व पोर्टर गंज से एक-एक मरीज शामिल हैं।
बुलेटिन के अनुसार, 50 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पण्डरी कृपाल स्थित कोविड-19 लेबल वन अस्पताल में वर्तमान में कोई मरीज भर्ती नहीं है। 100 बिस्तरों वाले एससीपीएम मेडिकल कालेज हारीपुर स्थित लेबल वन में 34 मरीज, एससीपीएम हास्पिटल प्रा. लि. लेबल टू में निजी खर्चे पर 11 मरीज, 200 विस्तरों वाले राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय कर्नलगंज में स्थित लेबल वन अस्पताल में 79 मरीज तथा गोण्डा के बाहर विभिन्न अस्पतालों में 49 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा 391 मरीजों को होम आइसोलेशन तथा 124 को होम कोरंटाइन में रखा गया है। जिला प्रशासन का दावा है कि इसके अतिरिक्त जनपद में 1300 और बेड भी उपलब्ध हैं। हालांकि इसके बावजूद बिना लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन और होम कोरंटाइन में रखा जा रहा है।

error: Content is protected !!