Sunday, May 18, 2025
Homeउत्तर प्रदेशगरीब के शव पर राजनीति करने वाले विकृत सोच के साथ कर...

गरीब के शव पर राजनीति करने वाले विकृत सोच के साथ कर रहे काम: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस प्रकरण सहित अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष पर विभाजनकारी सियासत का आरोप लगाते हुए पलटवार किया।  
उन्होंने विधानसभा उपचुनाव को लेकर बुधवार को उन्नाव जनपद में बांगरमऊ क्षेत्र के बूथ, सेक्टर और मंडल पदाधिकारियों से वर्चुअल संवाद में कहा कि देश के अंदर 1947 से वादे चलते थे। हर वर्ष वादे, नारे लगते थे। लेकिन, गरीबों के लिए वास्तविक कार्य 2014 के बाद से प्रारंभ होते गए। हमने वादा नहीं किया, कायदे से जो हक बनता था वो उस (गरीब) तक पहुंचाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वादों, झूठे नारों, जाति, क्षेत्र, मत और मजहब के आधार पर समाज को बांटने वाले लोग आज भी अपनी उस विभाजनकारी मानसिकता से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी विभाजन की वो मानसिकता उनके मनोमस्तिष्क पर पीढ़ी-दर-पीढ़ी उसी रूप में हावी हो रही है। इसलिए विकास उनको अच्छा नहीं लग रहा है। और इसलिए वो षड्यंत्र पर षड्यंत्र रचते जा रहे हैं। एक गरीब के शव पर राजनीति करने वाले इन चेहरों को पहचानिए, देश और समाज के लिए कितनी विकृत सोच के साथ ये काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सोच बिना भेदभाव के पूरी पारदर्शिता से सबकी तरक्की, सुरक्षा और सुशासन की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई और मार्गदर्शन में लगातार हम यह कर भी रहे हैं। पिछले छह सालों में देश में और करीब साढ़े तीन वर्षों में उत्तर प्रदेश में हर क्षेत्र बुनियादी संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी, निवेश आदि में अभूतपूर्व विकास हुआ है। इस आमूल-चूल बदलाव से उत्तर प्रदेश के बारे में बाकी देश का नजरिया बदला है। 
उन्होंने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और राजनीति सेवा का जरिया। विपक्ष के लिए राजनीति दुकानदारी है। अपनी दुकान चलाने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध से लेकर हाल की कुछ घटनाएं इसका सबूत हैं। वह हर चीज को जाति, सम्प्रदाय, मजहब और क्षेत्र के चश्मे से देखते हैं। समाज को बांटकर अपना वोट बैंक बनाए रखने के लिए ये कोई भी हथकंडा अपना सकते हैं पर इनके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव की धरती का पौराणिक महत्व है। चंद्रशेखर आजाद जैसे महान क्रांतिकारी, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला जैसे महान रचनाकार की यह जन्मभूमि है। मां गंगा का सान्निध्य गौरव की बात है। ऐसे महान लोगों की धरती का होना और उनसे जुड़ना खुद में गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि संयोग से कुछ दिन पहले उन्नाव दौरे पर आप में से कई लोगों से मेरी निजी मुलाकात भी हुई थी। 
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के दुष्प्रचार को तर्कपूर्ण जवाब मजबूती से देने को कहा। उन्होंने उन्नाव जिले में बांगरमऊ क्षेत्र के मंडल, सेक्टर और बूथ के पदाधिकारियों को आम मतदाताओं से गहन जनसम्पर्क पर फोकस करने को कहा। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष झूठा व भ्रामक दुष्प्रचार करने में जुटा है। ऐसे में विपक्ष की पोल खोलने के साथ केन्द्र और प्रदेश सरकारों की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने की जरूरत है। कोरोना के कारण बदले हालात में खुद को बचाते हुए बूथों को केंद्र बनाकर सघन जनसम्पर्क करें। आपकी जीत तय है।
विकास में बाधक ताकतों को बेनकाब करें: स्वतंत्र देव इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि विकास में बाधक ताकतों को बेनकाब करें। आप जिस विचारधारा से हैं, आप जिस नेतृत्व से प्रेरणा और मार्गदर्शन पाते हैं उसकी विपक्ष से कोई तुलना नहीं है। आपकी ताकत और एकजुटता के नाते आपकी जीत सुनिश्चत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!