कोरोना संक्रमित निकला डीएम का गनर, कलेक्ट्रेट में बढ़ी सख्ती

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब तो प्रशासनिक अफसर सहित उनके साथ रहने वाले कर्मचारी भी संक्रमित निकल रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के डीएम के गनर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके बाद सरकारी कार्यालयों में सख्ती बढ़ा दी गई है। अब मुख्य गेट से लेकर कई सरकारी कार्यालयों के सामने भी बेरीकेडिंग करा दी गई है ताकि भीड़-भाड़ को अंदर जाने से रोका जा सके। इसके अलावा दोनों मुख्य गेट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है जो थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद ही लोगों को अंदर जाने दे रहे है। वहीं नगर निगम के दोनों बड़े अधिकारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद वहां भी सन्नाटा पसरा है।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह के गनर ने 19 जुलाई को कोरोना की जांच कराई थी। मंगलवार देर रात गनर की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। बुधवार सुबह उसे लेबल वन सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा सोमवार को भी विकास भवन के पांच कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसी तरह कलेक्ट्रेट व विकास भवन में तैनात कई अन्य कर्मचारी भी बीते 15 दिनों में कोरोना संक्रमित मिल चुके है। ऐसे में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को जहां कलेक्ट्रेट परिसर में बेरीकेडिंग सिर्फ भीड़-भाड़ को रोकने के लिए की गई थी। बुधवार सुबह से दोनों मुख्य गेट पर पुलिसकर्मी व होमगार्डों की ड्यूटी भी लगा दी है। जो बेहद जरूरी काम पड़ने वालों को ही थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद ही अंदर जाने दे रहे है। वहीं नगर निगम में दो बड़े अधिकारियों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद से यहां फरियादियों के साथ-साथ कर्मचारियों ने भी आना बंद कर दिया है। बुधवार को भी महज सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती व कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह व चुनिंदा कर्मचारी ही नगर निगम पहुंचे।

error: Content is protected !!