कोतवाली नगर में महिला हेल्प डेस्क का लोकार्पण

सीएम योगी ने राजधानी से किया वर्चुअल उदघाटन


जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति के क्रम में शुक्रवार को थाना कोतवाली नगर में शक्ति कक्ष का लोकार्पण देवीपाटन परिक्षेत्र के डीआईजी डॉ राकेश सिंह तथा सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने फीता काटकर किया। महिलाओं तथा बालिकाओं से सम्बंधित अपराध को रोकने के लिए सीएम योगी ने आज प्रदेश के 1535 थानों में महिला हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है, जिसमें 20 थानों में वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कोतवाली नगर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। बताया गया कि महिला हेल्प डेस्क पर महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। कोई भी महिला व बालिका सीधे हेल्प डेस्क पर पहुँचकर अपनी समस्या बता सकती है। उसकी समस्या को वहां मौजूद महिला पुलिस कर्मी गम्भीरता से सुनकर उसे ऑनलाइन करेंगी। इसका लाभ यह होगा कि कोई भी शिकायत अब सीधे राज्य मुख्यालय से मानीटर की जा सकेगी।
इस मौके पर सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, आयुक्त एसवीएस रंगाराव, डीएम डॉ नितिन बंसल, सीडीओ शशांक त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष कमरुद्दीन, हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह, सांसद कैसरगंज के प्रतिनिधि संजीव सिंह, जिलाध्यक्ष शारदा कांत पांडेय, प्राचार्य डॉ वंदना सारस्वत, सीएमओ डॉ मधु गैरोला, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह व रमा शंकर मिश्र समेत शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, महिला सशक्तीकरण पर काम करने वाली कई महिलाएं मौजूद रहीं। इस मौके पर महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली कई महिला आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंथन कल्चरल सोसाइटी के तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
इन्हें किया गया सम्मानित
अतिथियों ने विनीता पाल, साहित्यकार डॉ उमा सिंह, प्रधानाचार्य ममता चौधरी, मारवाड़ी युवा मंच महिला शाखा की जिलाध्यक्ष नीलम जैन, ई रिक्शा चालक श्रीमती पूनम वर्मा, साक्षी अरोड़ा, सुश्री जूली पांडेय, श्रीमती रूषी दुबे, रुकसाना बानो, माही गुप्ता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

error: Content is protected !!