एडजस्ट होंगे चाचा शिवपाल, उनके आदमी को बनाएंगे कैबिनेट मंत्री : अखिलेश
इटावा(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में बसपा, कांग्रेस और वामसेफ के पूर्व जिलाध्यक्षो समेत सैकड़ो लोग अन्य दल छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव को छोटे-छोटे दलों के साथ गठबंधन कर सपा लड़ेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।
चाचा शिवपाल की पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें भी एडजस्ट किया जाएगा, उनके लिए सपा ने जसवंतनगर की सीट छोड़ रखी है। उनके लोग आए मिलकर चुनाव लड़े और सरकार बनाये। सरकार बनने पर उनके आदमी को कैबिनेट मंत्री भी बना देंगे। अखिलेश यादव ने देश और प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा विकास कार्य किये है और यह सरकार केवल भ्रष्टाचार कर रही है। बिहार चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के साथ बहुत बड़ा धोखा किया गया है, वहां के अधिकारियों ने आखिरी समय मे उन्हें जीता हुआ घोषित कर दिया। वहां पर महागठबंधन की जीत हो रही थी।
इटावा पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश और प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बसपा, कांग्रेस, वामसेफ के सैकड़ो लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलवाई। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनकी सरकार में हुए विकास कार्यो को ही भाजपा नही सम्भाल पा रही है। उनके कार्यकाल में बनाई गई इटावा लायन सफारी को खोलने को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार सफारी को इसलिए नही खोल रही है कि लोग इसे देखकर समाजवादी पार्टी की तारीफ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों और बेरोजगार युवकों की हालत खराब हो रही है। उनकी सरकार में बनाई गई सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी का भी बजट सरकार नही दे पा रही है, जिससे गरीबो को इलाज करवाने में समस्या आ रही है। इस सरकार में न तो बेटियां सुरक्षित है। दिनदहाड़े हत्या लूट और अन्य जघन्य अपराध हो रहे है। प्रदेश की जनता 2022 में इस सरकार को लोकभवन से बाहर फेंकने का काम करने वाली है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2022 में बड़े दलों को छोड़कर छोटे दलों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी। चाचा शिवपाल की पार्टी प्रसपा लोहिया के साथ गठबंधन करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें भी एडजस्ट किया जाएगा, उनके लिए सपा ने जसवंतनगर की सीट छोड़ रखी है वह आये साथ मिलकर चुनाव लड़े और सरकार बनाये सरकार बनने पर उनके आदमी को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में बनवाई जा रही आधुनिक जेल का कार्य यह सरकार अभी तक पूरा नही करवा पाई है किसानों के साथ धान खरीद केंद्रों पर मजाक हो रहा है किसानों का धान दलाल खरीद रहे है भाजपा के जनप्रतिनिधी ही इस बात की पोल खोलते हुए दिखाई पड़ते है। उन्होंने कहा कि सरकार आने पर इटावा के लोगो के द्वारा 1857 की आजादी की लड़ाई की याद में तत्कालीन कलेक्टर रहे एओह्यूम के द्वारा बनवाये गए जिलाधिकारी आवास को म्यूजियम बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार छात्राओं को लैपटॉप और कन्या विद्या धन दिया जाता था, यह सरकार कन्या सुमंगला योजना का लाभ देने का दावा करती है, लाभ किसे मिला पता ही नही। सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का दावा कर रही है सरकार एक किसान बताए जिसकी आय दोगुनी हुई हो। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में खिलाड़ियों का सम्मान किया जाता था। न जाने कितने अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम बनवाये गए लेकिन इस सरकार में खिलाड़ी भी परेशान है। उन्होंने कहा कि 2020 में भाजपा कोविड लेकर आई 2021 में कोविड चला जायेगा और 2022 में भाजपा चली जायेगी प्रदेश में सबकुछ ठीक हो जाएगा।