Sunday, May 18, 2025
Homeउत्तर प्रदेशएक बेटी की न्याय की आस लिए मौत भाजपा के लिए शर्मनाक:...

एक बेटी की न्याय की आस लिए मौत भाजपा के लिए शर्मनाक: अजय लल्लू

लखनऊ (हि.स.)। हाथरस प्रकरण को लेकर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत बुधवार को राजधानी में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस के सामने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सभी को इको गार्डेन भेज दिया गया। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लिए बहुत ही शर्मनाक है कि एक दलित की बेटी न्याय की आस लिए मर गई। महामहिम चुप क्यों हैं उनकी चुप्पी का राज क्या है, महिला होने के नाते अभी तक उनका एक भी बयान क्यों नहीं आया। उन्होंने कहा कि आज हम मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगने जा रहे थे। मुख्यमंत्री के गुर्गों द्वारा लाठी-डण्डों से हमें पीटा गया और गिरफ्तार किया गया। क्या न्याय मांगने वालों पर लाठी चलाई जाएगी। क्या पीड़ित बहन के लिए संघर्ष की बात करने पर लाठी चलाकर दमन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने इन्सानियत को शर्मसार किया है। मुख्यमंत्री गद्दी छोड़ो, आपको इस पर बैठने का कोई अधिकार नहीं रह गया है। 
वहीं प्रदेशव्यापी आन्दोलन के तहत आज हाथरस में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जनपद प्रतापगढ़ में कांग्रेस नेताओं को प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज करके गिरफ्तार किया गया। वहीं हाथरस जाते हुए बदायूं हाईवे पर कांग्रेस महासचिव ब्रम्हस्वरूप सागर, असलम चौधरी सहित कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया। जनपद जालौन, सोनभद्र, चित्रकूट, आजमगढ़, भदोही, चन्दौली समेत कई जिलों में प्रदर्शन हुआ। वाराणसी में कांग्रेस ने बड़े पैमाने पर जुलूस निकालकर संसदीय कार्यालय का घेराव किया जिस पर भारी पुलिस ने लाठीचार्ज कर गिरफ्तार किया।
वहीं दूसरी ओर सायं युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस बल ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर गिरफ्तार कर लिया। 

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!