उत्तर प्रदेश से चार राज्यों के बीच जल्द चलेंगी रोडवेज बसें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड के बीच जल्द ही बसों का संचालन शुरू करेगा। बुधवार को परिवहन निगम के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन चारों राज्यों के बीच बसों के संचालन को मंजूरी दे दी।
परिवहन निगम मुख्यालय के मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) पीआर बेलवारिया ने बताया कि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड के बीच जल्द ही रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन चारों राज्यों के बीच बसों के संचालन को आज मंजूरी दे दी है। चारों राज्यों के बीच 22 मार्च से ही बसों का संचालन बंद है।
उन्होंने बताया की चारों राज्यों के बीच बसों के संचालन को लेकर परिवहन निगम ने पहले ही प्रस्ताव मुख्यमंत्री के पास भेजा था। प्रदेश के विभिन्न शहरों से इन चारों राज्यों को लॉकडाउन के पूर्व हो रहे बसों के संचालन का ब्योरा मांगा गया है। एक-दो दिन में बसों के संचालन की सूचना दी जाएगी। फिलहाल चारों राज्यों के बीच रोडवेज बसों की टिकट बुकिंग और समय सारिणी में कोई बदलाव अभी नहीं किया गया है।