उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही मानसून की टर्फ लाइन, बारिश की बढ़ी संभावना

कानपुर (हि.स.)। दो जुलाई के बाद से कानपुर परिक्षेत्र में मानसून पूरी तरह से कमजोर हो गया था। इससे जहां एक ओर तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही थी तो वहीं उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी। हालांकि अब मानसून की ट्रफ रेखा कानपुर की ओर बढ़ रही है जिससे बारिश की संभावना बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने भी लगी है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि मानसून की ट्रफ रेखा बीते कई दिनों से मध्य प्रदेश के आसपास टिकी हुई थी। समुद्री गतिविधियों से अब ट्रफ रेखा कानपुर की ओर बढ़ रही है, जिससे बारिश की संभावना बढ़ गई है। आसमान में काले बादल छाने लगे हैं और तापमान भी कम हो रहा है। हालांकि अभी भी तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। बारिश होने पर तापमान सामान्य हो जाएगा और तेज हवाओं के चलने से मौसम में बदलाव आएगा।

बंगाल की खाड़ी से चल रही नम हवाओं से उत्तर प्रदेश में मानसून धीरे धीरे सक्रिय हो रहा है और राजधानी लखनऊ सहित कई जनपदों में हल्की बारिश शुरु भी हो गई है। 20 जुलाई के बाद मानसून की सक्रियता तेजी से बढ़ेगी और झमाझम बारिश की संभावना है।

अजय

error: Content is protected !!