अर्णव गोस्वामी की गिरफ्तारी पर सड़कों पर उतरे पत्रकार, महाराष्ट्र मुख्यमंत्री का फूंका पुतला


– चौथे स्तंभ को कमजोर करने की कोशिश कर रही है महाराष्ट्र सरकार

कानपुर (हि.स.)। वरिष्ठ पत्रकार अर्णव गोस्वामी की गिरफ्तारी पर बुधवार को कानपुर प्रेस क्लब के बैनर तले पत्रकारों ने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का पुतला भी दहन कर दिये। पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि महाराष्ट्र सरकार चौथे स्तंभ को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, पर ऐसा होगा नहीं। महाराष्ट्र सरकार को मीडिया पर अंकुश लगाने का किसी भी प्रकार का अधिकार नहीं है। 
महाराष्ट्र पुलिस ने दो साल पुराने एक मामले में वरिष्ठ पत्रकार अर्णव गोस्वामी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। इस पर देशभर के पत्रकारों में रोष व्याप्त हो गया और सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र सरकार की जमकर निंदा की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को कानपुर में कानपुर प्रेस क्लब के बैनर तले पत्रकारों ने आक्रोष जाहिर किया। सड़क पर उतरे पत्रकारों ने नवीन मार्केट से लेकर बड़ा चौराहा तक पैदल चलकर महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पत्रकारों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का पुतला भी फूंक दिये। पत्रकारों ने अर्णव की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि महाराष्ट्र सरकार और महाराष्ट्र पुलिस की यह कायराना हरकत है। अध्यक्ष अवनीश दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर हुई कार्रवाई लोकतंत्र की हत्या है, जिसे पत्रकार बिरादरी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। महामंत्री कुशाग्र पांडे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ लोगो में आक्रोश है। उपाध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और मुम्बई पुलिस ने जिस तरीके से आज एक पत्रकार को घसीटते हुए अरेस्ट किया वह निंदनीय है। पुतला दहन के बाद प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और गृह मंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय अनिल अग्निहोत्री को सौंपा गया। पत्रकारों ने मांग की कि अर्णव गोस्वामी को तत्काल रिहा किया जाए और उनको गिरफ्तार करने गई पुलिस के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। इस दौरान मनोज यादव, मो. इमरान, अश्विनी निगम, मोहित वर्मा, लालू चौहान, इब्ने हसन जैदी, अभिनव श्रीवास्तव, अमन तिवारी, दीप त्रिवेदी, रवि गुप्ता, रमन गुप्ता, रोहित निगम, नितिन दीक्षित, नौशाद खान, रियाज, रोहित कश्यप, विशाल मिश्रा आदि पत्रकार मौजूद रहें।

error: Content is protected !!