UP News : सात मार्च को मेरठ में होगी प्रियंका गांधी की किसान पंचायत

मेरठ (हि.स.)। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को भुनाने की कोशिश में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूरी ताकत झोंक दी है। सात मार्च को मेरठ के कैली गांव में किसान पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। पंचायत को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की किसान पंचायत सात मार्च को मेरठ के कैली गांव में आयोजित होगी। इस रैली में कृषि कानूनों की असलियत जनता को बताई जाएगी। किसान पंचायत की तैयारी में कांग्रेस ने अपने नेताओं को उतार दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जुबेर अहमद, रोहित चौधरी ने रैली स्थल पर जिलाध्यक्ष अवनीश काजला समेत कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। 
राष्ट्रीय सचिव जुबैर अहमद ने कहा कि मोदी सरकार इतिहास की किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन साबित हो रही है। योगी सरकार ने किसानों को गन्ने का भुगतान 14 दिन में करने की घोषणा की थी। यह भी चुनावी जुमला बनकर रह गया हैं। रोहित चोधरी ने कहा कि प्रियंका गांधी की यह महापंचायत ऐतिहासिक होगी। महापंचायत को लेकर क्षेत्र के किसानों में बहुत उत्साह है। कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन अम्बेडकर ने बताया कि जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने सभी ब्लाॅक अध्यक्षों को पंचायत में किसानों को लाने की व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए।  इस मौके पर मोनिंदर सूद, महेन्द्र गुर्जर, आशाराम, शेर मोहम्मद, तुषार शर्मा आदि मौजूद थे।

error: Content is protected !!