State News : दिल्ली में भी फैला बर्ड फ्लू, पक्षियों के आठ सैंपल पाए गए पॉजिटिव

-दिल्ली सहित देश के सात राज्यों में फैला बर्ड फ्लू 
नई दिल्ली(हि.स.)। दिल्ली में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। दिल्ली के सभी आठ सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को  दिल्ली के कई पार्कों में कौवे और बतखों के मरने की खबर के बाद कुछ सैंपल जालंधर के प्रयोगशाला में भेजे गए थे, जहां सभी के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।इसी के साथ अब दिल्ली के साथ देश के सात राज्यों में बर्ड फ्लू फैल चुका है। इनमें केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश शामिल है। इस बीमारी को और अधिक फैलने से रोकने के लिए पशुपालन विभाग ने प्रभावित राज्यों के लिए सलाह जारी की है।पशुपालन विभाग के मुताबिक देश के प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की निगरानी के लिए गठित केंद्रीय दल प्रभावित स्थलों का दौरा कर रहे हैं। केंद्रीय टीमों में से एक दल 9 जनवरी को केरल पहुंचा और यह टीम वर्तमान में इन सभी स्थानों की निगरानी कर रही है तथा महामारी से संबंधित वैज्ञानिक जांच की जा रही है। एक अन्य केंद्रीय दल 10 जनवरी को हिमाचल प्रदेश पहुंचा और इसने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण कार्य किया। राज्यों से जनता के बीच फ्लू के बारे में जागरुकता पैदा करने तथा एवियन इन्फ्लुएंजा के बारे में गलत जानकारी के प्रचार-प्रसार से बचने का भी अनुरोध किया गया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा गया है कि, जल स्रोतों, ज़िंदा पक्षी बाजारों, चिड़ियाघरों और पोल्ट्री फार्म्स आदि के आसपास निगरानी बढ़ा दी जाए। शवों का उचित निपटान करने तथा मुर्ग़ी पालन केंद्रों में जैव सुरक्षा को मजबूत करने के उपाय किये जाएं। 

error: Content is protected !!