Gonda News:स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा महोत्सव का आयोजन

सनातन संस्कृति के मूल स्वरूप थे विवेकानंद : शिव प्रताप

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। स्वामी विवेकानंद भारत के नैतिक मूल्यों व सनातन धर्म संस्कृति के मूल स्वरूप थे। उन्होंने सनातन धर्म के प्रकाश से विश्व को प्रकाशित किया। यह विचार सांसद व पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल ने कामनमैन सोशल वेल्फेयर सोसाइटी के तत्वाधान में डा. सम्पूर्णानन्द टाउन हाल में आयोजित युवा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप बोलते हुए व्यक्त किए। शुक्ल ने कहा कि स्वामी जी ने धर्म और संन्यासियों को मानवता से जोड़ने का जो संदेश सवा सौ वर्ष पूर्व विश्व को दिया। उसी आदर्श को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में प्रभावी कर रहे हैं। विवेकानंद की विचारों की प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त करते हुए स्वदेशी जागरण के जनार्दन सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने शोषण के विरुद्ध संघर्ष करने का युवाओं को संदेश दिया था। गीता गोष्ठी के संयोजक इं सुरेश दूबे ने शिकागो धर्म सम्मेलन की चर्चा करते हुए युवाओं से वर्ण जाति के भेदभाव को दूर कर गरीब असहाय की सेवा करने की स्वामी जी से प्रेरणा लेने की सीख दी। रंगकर्मी कृष्णानन्द त्रिपाठी पुद्दे के संचालन में प्रशांत पटेल, प्रमोद तिवारी, वर्षा सिंह व अमित शुक्ल ने भी गोष्ठी को सम्बोधित किया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया। कामनमैन सोशल वेल्फेयर सोसाइटी के प्रबन्धक धीरेन्द्र पाण्डेय ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों का स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने सोसाइटी की ओर से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पंकज दूबे, पंकज श्रीवास्तव, केके श्रीवास्तव, राजा बाबू गुप्ता, राकेश वर्मा गुड्डू, चन्द्रभाल मिश्र, विनोद शुक्ल, मनोज सिंह, यज्ञदेव मिश्र, दिनेश त्रिपाठी, अवनि कुमार शुक्ल, सत्यदेव मिश्र, सोनू सिंह, सूबेदार शुक्ल, सुरेश मिश्र आदि मौजूद रहे।

विवेकानंद की जयंती पर साहित्य महोत्सव आयोजित

विश्वास फाउंडेशन व मानव उत्थान सेवा मिशन के संयुक्त तत्वाधान में विवेकानंद जयंती पर टाउन हॉल (गांधी पार्क) मे गोण्डा की नई प्रतिभाओं को कवि सम्मेलन के रूप में एक बड़ा मंच दिया गया। शिवानी तिवारी, प्रशस्ति पांडेय, अक्षरा दुबे ने अपने गीतों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। कवि सम्मेलन मे देश के प्रसिद्ध कवि मोहन मुंतज़िर (नैनीताल), अमित शर्मा (नोएडा), ज्योतिमा शुक्ला (दिल्ली), सुरेंद्र सिंह झंझट (गोण्डा) ने अपनी कविताओं के माध्यम से श्रोताओं को रसास्वादन कराया। कार्यक्रम संयोजक मनीष सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को एक नई दिशा देते हैं। समाज हित में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा। इस कवि सम्मेलन में अतिथि के रूप में विष्णु दत्त सिंह बिसेन, अलंकार सिंह, बब्बू सिंह बिसेन, उमेश शुक्ला, विनोद कुमार शुक्ला, सुधांशु त्रिपाठी प्रिंस, अरुण मिश्रा, जितेंद्र पांडेय ’हलचल’, प्रकाश आर्य हीरू, शिव बहादुर पांडेय, अनुपम शुक्ला आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रवीण, सरोज, रिषभ सिंह, अविनाश सिंह, अभिषेक तिवारी, मानस मिश्रा, आशीष सिंह, शुभम पांडेय, सौरभ तिवारी, अभिषेक सिंह आदि का योगदान सराहनीय रहा।

स्वामी विवेकानंद भारतीय मेधा के अप्रतिम प्रतिमान : चिन्मयानंद

नवाबगंज (गोण्डा) से हमारे संवाददाता विन्ध्य प्रकाश त्रिपाठी के अनुसार, शिवदयाल गंज स्थित कटरा कुटी पीठ पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वामी विवेकानंद की पावन जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ लकड़मंडी चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव ने स्वामी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। वक्ताओं ने विवेकानंद जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी जी वैश्विक क्षितिज को भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति की सुगंध से सुवासित किया था। वह युवा संन्यासी होने के साथ-साथ भारतीय मेधा के अप्रतिम प्रतिमान थे। विश्व पटल पर विवेकानंद जी ने भारतीय संस्कृति संस्कार एवं अध्यात्म का परचम लहराया था। निश्चित ही विवेकानंद ने युवाओं के लिए वह दीप प्रकाशित किया था, जो आज भी युवाओं को सही रास्ते पर बताने का काम कर रहा है और यह युगो-युगो तक ऐसे ही प्रकाशित रहेगा। एक अदभुत विचारक आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। कार्यक्रम का संचालन हिंदू युवा वाहिनी शिवदयाल गंज के नगर अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कटाकुटी पीठ के महंत स्वामी चिन्मयानंद दास ने किया। इस अवसर पर एक एकल विद्यालय का भी आज से संचालन शुरुआत हुआ। कार्यक्रम में आए हुए लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत कटरा कुटी पीठ के मीडिया प्रभारी अरुण सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान देवी यादव, राकेश यादव, नीतीश श्रीवास्तव, सूर्यभान सिंह, आलोक शाही, राकेश वर्मा, आशीष अलबेला, कमल किशोर दीक्षित, दिवाकर मौर्य, पंडित परशुराम शर्मा, विनोद गुप्ता, अरुण सिंह, राका शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन विशाल भंडारे के साथ हुआ।

एमडीबी कालेज में मनाई गई विवेकानंद जयंती

गोण्डा। महाराजा देवी बक्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। छात्र एवं छात्राओं को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपनी शिक्षकों से दुनिया भर के लाखों युवाओं को प्रेरित किया। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि मनुष्य अपने रास्ते अलग-अलग चुनता है, परंतु लक्ष्य एक ही होता है। सिंह ने कहा कि आने वाला कल आप सभी का है। कठिन परिश्रम पर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर देश के प्रगति में अपना अमूल्य योगदान दें। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने खेलकूद में भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।

error: Content is protected !!