Balrampur News:किसान कल्याण मेले में कृषकों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी

विधायक पल्टूराम ने किया किसान कल्याण मेले का शुभारंभ, कृषक बंधु सम्मानित

संवाददाता

बलरामपुर। कृषि विभाग द्वारा किसान कल्याण मेले का आयोजन विकासखंड बलरामपुर, हरैया सतघरवा, पचपेड़वा, रेहरा बाजार में किया गया। किसान मेले में कृषक भाइयों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व दुगुनी आय करने का तरीका बताया गया। विकास भवन प्रांगण में आयोजित किसान कल्याण मेले का शुभारंभ सदर विधायक पल्टूराम द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि विभाग व कृषि से संबंधित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल व प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। कृषि कल्याण मेले में कृषि विभाग द्वारा आधुनिक खेती के जाने तरीके की प्रदर्शनी व कृषक बंधुओं हेतु चलाए जा रहे कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हेतु स्टॉल लगाया गया। इसके अलावा पशुपालन विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, रेशम विभाग, मत्स्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मनरेगा, जिला पंचायती राज विभाग, गन्ना विकास विभाग, ग्रामीण बैंक, महिला कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण विभाग, द्वारा स्टाल के माध्यम से विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी द्वारा मेले में आए कृषक बंधुओं को कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा कृषक भाइयों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दिए जाने हेतु किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है, इससे पूर्व की सरकारों द्वारा किसान मेले का आयोजन केवल मंडल स्तर पर किया जाता था। वर्तमान सरकार द्वारा किसान मेले के माध्यम से भाइयों को योजनाओं की जानकारी दिए जाने व आय दुगना किए जाने हेतु किसान मेले का आयोजन विकास खंड स्तर पर कराए जाने का निर्णय लिया है, जिससे अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगातार कृषक भाइयों के हित में कार्य किया जा रहा है। वर्तमान सरकार ने किसानों के ऋण माफ करने का काम व कृषक भाइयों को किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रति वर्ष 6000 रुपए दिए जाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा बिचौलियों की भूमिका को खत्म करने का कार्य किया गया है। अब किसान भाइयों के खातों में योजनाओं के तहत दी जाने वाली सब्सिडी सीधे भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का नारा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास है। वर्तमान सरकार द्वारा समस्त गांव को विद्युत की सुविधा प्रदान किए जाने का काम किया गया है। वर्तमान सरकार द्वारा पूर्वांचल में व्याप्त जापानी इंसेफेलाइटिस बीमारी को खत्म किए जाने का कार्य किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा गरीब बच्चों को अच्छी सुविधा मिल सके। इस हेतु परिषदीय विद्यालयों में समस्त सुविधाएं प्रदान की जाने का काम किया जा रहा है। इस अवसर पर मंच का संचालन कृषि वैज्ञानिक डॉ एमके त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कृषक भाइयों को विधायक द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। लाभार्थी कृषक बंधुओं को कृषि उपकरण सौंपा गया, जिसमें पांच किसानों को रोटावेटर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अमनदीप डुली, जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार, अपर कृषि निदेशक ओपी पाण्डेय, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि प्रसार अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, अध्यक्ष भूमि विकास बैंक घनश्याम तिवारी, चंद्रप्रकाश सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कृषि कल्याण मेले का आयोजन विकास खंड हर्रैया सतघरवा, रेहरा बाजार, पचपेड़वा में आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि द्वारा किसान कल्याण मेले का शुभारंभ किया गया। कृषि विभाग द्वारा स्टाल के माध्यम से कृषक भाइयों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।

error: Content is protected !!