बुधवार को Gonda में मिले दर्जन भर कोरोना मरीज

दो सगे भाई समेत एक ही गांव के चार लोग पाए गए संक्रमित

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले में बुधवार को एक दर्जन कोरोना मरीज पाए गए। इसके साथ ही जिले में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 185 हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में नगर क्षेत्र के इमलिया गुरुदयाल निवासी दो सगे भाई कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बताया जाता है कि वे दोनों पिछले दिनों रूस से आए थे। इन्हें मंगलवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां हुई जांच में दोनों कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद दोनों को लेवल वन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके सम्पर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। इसी प्रकार चार मरीज इटियाथोक विकास क्षेत्र के वेदपुर माफी गांव के हैं। यह सभी हाल ही में दिल्ली से दुबारा आए हैं। बताया जाता है कि इससे पूर्व अप्रैल माह में यह दिल्ली से आए थे किन्तु कुछ दिन के बाद फिर लौट गए थे। पिछले दिनों चारों लोग कार से गोण्डा पहुंचे। संदिग्ध लक्षण मिलने पर उनको जांच के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां आज आई रिपोर्ट में सभी संक्रमित पाए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र इटियाथोक की अधीक्षक डा. श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि चारों को एम्बुलेंस से कोविड-19 लेबल वन अस्पताल पण्डरी कृपाल भेजा गया है।

एक संक्रमित की हो चुकी है मौत

कर्नलगंज के गांधी नगर में रहने वाले पिता-पुत्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है; जिसमें पिता की सुबह मौत हो चुकी है। उसके अंतिम संस्कार में स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया था। शाम को आई कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट के बाद बेटे को लेवल वन में शिफ्ट किया गया है। अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा ने बताया कि संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन कराया जा रहा है। इसी प्रकार आज संक्रमित पाए गए अन्य मरीजों में दो बभनान, एक मनकापुर तथा एक नगर क्षेत्र के रानी पुरवा का निवासी है। इनमें दो मरीजों की जांच जिला अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से हुई है, जबकि चार मरीजों ने लखनऊ में अपनी जांच कराई थी। छह अन्य मरीजों के नमूने जिला अस्पताल से लखनऊ भेजे गए थे।

आजाद नगर कालोनी में बना कंटेनमेंट जोन

इस बीच नगर में मुख्यालय के आजाद नगर कॉलोनी में चार कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बुधवार को क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए सील कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रशासन की टीम के साथ यहां पहुंचकर कार्रवाई की। संक्रमित पाए लोगों के परिजनों को उनके घरों से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। बताया जाता है कि यहां संक्रमित पाया गया एक युवक एलआईसी एजेंट है। वह नियमित रूप से अपने व्यवसाय के चक्कर में इधर उधर आता जाता रहता था। उसके लेकर लोगों में काफी डर है। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कालोनी की एक गली को सील करते हुए सैनिटाइजेशन की कार्रवाई की है। सीएमओ डा. मधु गैरोला ने बताया कि संक्रमित एलआइसी अभिकर्ता के सम्पर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट मांगी गई है। एलआईसी आफिस में भी सैनिटाइजेशन और सम्पर्क में आए लोगों को होम क्वॉरेंटाइन कराया जा रहा है। रेलवे के लोको पायलट के सह कर्मी पहले से ही क्वारंटीन कराए जा चुके हैं। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि जरूरी कंटेनमेंट जोन में सामानों की आपूर्ति कराई जाएगी। सम्पर्क में आए लोगों के नमूने भी लिए जाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं।

error: Content is protected !!