बस्ती महोत्सव का स्वतंत्रदेव सिंह ने किया शुभारंभ

बस्ती(हिस.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शुक्रवार को कहा है कि 1947 की लड़ाई में बस्ती के जवानों ने अहम भूमिका निभायी थी। छावनी बाजार में अंग्रेजों ने 250 लोगों को फांसी पर चढ़ा दिया था। बस्ती की माटी हमेशा पूजनीय है। शुक्रवार को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय बस्ती महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की केंद्र तथा प्रदेश सरकार सभी वर्गाें के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कहा जाता था कि केंद्र से जो पैसा आता है वह सीधे विकास कार्यों तक नहीं पहुंच पाता था। सौ रूपये की जगह 15 रूपये ही पहुंचता था लेकिन जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से ऐसा नहीं है। हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में शक्तिशाली बन रहा है। प्रदेश की योगी सरकार गुण्डे माफियों के विरूद्ध निरंतर कार्रवाई कर रही है। जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने हैं तब से गुण्डे—माफिया या तो आत्मसमर्पण कर रहे या प्रदेश छोड़कर भाग गए है। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के सैनिकों का मनोबल बढ़ा है। देश के सैनिक इतने मजबूत हो गये हैं कि दुश्मनों को उनके घर में घुस कर टक्कर दे रहे हैं। पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया। पहले दिल्ली में आतंकवादी बम फोड़ा करते थे, लेकिन जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं आतंकवादियों के विरूद्ध निरन्तर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कश्मीर से धारा 370 को एक झटके में हटा दिया। अनुच्छेद 35ए जो जम्मू कश्मीर को राज्य के रूप में विशेष अधिकार देता था उसे हटा दिया। इससे वहां के लोगों को काफी लाभ पहुंचा है। विकास की रफ्तार आगे बढ़ी है। आजादी के बाद से इतना विकास कार्य किसी भी सरकार ने नहीं किया था। जितना कार्य भाजपा की सरकार में हो रहा है।

error: Content is protected !!