बस्ती : पत्नी की हत्या के बाद युवक ने फोन कर पुलिस बुलाया

-हत्या के बाद साले को व्हटासअप पर दी जानकारी 
बस्ती (हि.स.)। कप्तानगंज थाना में एक युवक ने गुरुवार को अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित ने सबसे पहले हत्या की जानकारी व्हाटसअप पर साले को दी। फिर यूपी पुलिस-112 को सूचना दी कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है आकर उसे पकड़ लें। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।  
पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित अमरेश मिश्रा नकटीदेई बुजुर्ग गांव रहने वाला है। उसकी चार साल पहले गोंडा जनपद के छपिया थाना क्षेत्र ​स्थित वीरपुर गांव निवासी राधेश्याम पांडेय की पुत्री 32 वर्षीय पुष्पा से हुई थी। गुरुवार को उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या की जानकारी उसने अपने साले को व्हाटसअप पर देते हुए पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच घटना की जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष से पिता ने पुलिस को बताया कि अमरेश और उसका परिवार अतिरिक्त दहेज के लिए लगातार उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। इससे पहले जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई थी तो दोनों परिवार के लोगों ने आपस में बैठकर समझौता कर लिया था। गुरुवार पुष्पा मायके जाने की तैयारी कर रही थी, तभी उसका पति से झगड़ा हो गया। इसके बाद अमरेश ने उसकी हत्या कर दी। 
पुलिस कप्तान हेमराज मीणा ने बताया कि मृतका के परिवार की ओर से जो भी तहरीर मिलेगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। महिला की हत्या में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है। 

error: Content is protected !!